गणित की गतिविधियां-22
गिनो और मिलाओ
- यह गतिविधि हम क्यों करें?
- बच्चे समूह की चीजों को गिनकर उचित संख्या पहचान सकेंगे।
- बच्चे 1 से 9 तक की संख्याओं को क्रमानुसार लिखने का अभ्यास कर पाएँगे।
- यह गतिविधि हम कैसे करें ?
- एक से नौ तक की संख्या में अलग-अलग वस्तुओं के ढेर बनाएँ। बच्चों से कहें इन्हें बारी-बारी से गिनें और जितनी चीजे उस ढेर में है उसका संख्या कार्ड वहाँ रखें।
- पाठ्यपुस्तक के पृष्ठ पर विभिन्न समूहों में दी गई आकृतियों को देखकर गिनने को कहें।
- इसके पश्चात बच्चों से प्रत्येक समूह के चित्रों की संख्या पूछें। जैसे चित्र में कितने चूहे हैं ? बच्चों के द्वारा उत्तर 4 बताने पर अगला प्रश्न करेंगे कि संख्या चक्र में 4 कहाँ पर है उस पर ऊंगली रखो। अब चूहे के चित्र को 4 के अंक से लाईन खींचकर मिलाओ। इसी प्रकार प्रत्येक चित्र को उसकी संख्या से मिलान करने को कहेंगे।
- नीचे दी गई दूसरी गतिविधि एक से नौ तक की संख्याओं को क्रम से लिखने के लिए है। यह गतिविधि पहले बोर्ड पर कराएँ फिर बच्चों को छोटे-छोटे समूहों में करने को कहें।
- क्या यह भी हो सकता है?
- पाकेट बोर्ड पर अलग-अलग संख्या के चित्र कार्ड एक पंक्ति में लगाएँ। चित्र कार्ड एक से नौ के बढ़ते क्रम में न हों यह ध्यान रखें। अब बच्चों से कहें प्रत्येक कार्ड में चित्र गिनकर उसके सामने सही संख्या कार्ड लगाएँ।
विपिन अग्रहरी शास.प्राथ.शाला कोरकोटटोला वि.खं-मरवाही, जिला-बिलासपुर का अनुभव -
पुस्तक में दिए गए चित्रों के साथ काम करने के पहले मूर्त वस्तुओं के साथ काम करने का अनुभव बहुत सुखद रहा, इससे बच्चों की अच्छी समझ बनी।