गणित की गतिविधियां - 6


कैसे मिली पतंग


1.यह गतिविधि हम क्यों करें?

चित्र में दी हुई घटना को देखकर समझेंगे तथा उसे क्रम से अपने 

शब्दों में तर्क करते हुए बताने का प्रयास करेंगे।

लम्बाई के आधार पर दो वस्तुओं की तुलना कर पाएँगे।

2.यह गतिविधि हम कैसे करें?

दिए गए चित्र पर एक कहानी सुना कर शुरूआत की जा सकती है। कहानी बीच में रोककर चित्र दिखाकर बच्चों का ध्यान क्रमश: चित्रों पर ले जाएँ और उनसे बातचीत करें। जैसे एक गाँव में मीना नाम की लड़की रहती थी। एक दिन वह पतंग उड़ा रही थी, उसकी पतंग छत पर जाकर फँस गई। सोचो उसने क्या किया होगा? अब चित्रों को देखो। पहले चित्र में क्या हो रहा है? दूसरे चित्र में क्या हुआ? मीना ने क्या किया इसका परिणाम क्या हुआ? तीसरे चित्र में मीना क्या सोच रही होगी? तुम होते तो क्या करते? इस प्रकार बच्चों से चित्र दिखाते हुए चर्चा कर कहानी पूरी करने की कोशिश करें। बच्चों से यह बात निकलवाने की कोशिश करें कि दूसरी सीढ़ी ज्यादा लम्बी थी, इसलिए मीना पतंग तक पहुँच पाई। (तीसरे चित्र में सोचने के लिए जो निशान बना है, उसे बच्चों को बताएँ।) पूरी घटना को बच्चों से अपने शब्दों में बताने को कहें। कहानी पर चर्चा के बाद पुस्तक में दिए चित्रों में से ज्यादा लम्बे पर ( ) का निशान लगवाएँ।

3.क्या यह भी हो सकता है?

कक्षा में रखी वस्तुओं या आस-पास की वस्तुओं को दिखाकर ज्यादा लम्बा कौन यह पूछा जा सकता है। (जैसे -चाक, पेंसिल, हाथ की ऊँगलियाँ आदि) बच्चों को स्वयं अपने आस-पास की वस्तुओं में से लम्बा और छोटा बताने का अवसर दें। वस्तुओं/चित्रों को लम्बे और छोटे की जोड़ी में रखें और जोड़ी में से लम्बे या छोटे को पहचानने को कहें।

4.इस गतिविधि के कुछ फायदे और भी हैं -

इन गतिविधियों से बहुत से फायदे हैं। बच्चों में तर्क शक्ति, कल्पना शक्ति, समस्या समाधान की प्रवृत्ति का विकास होता है। घटनाओं को क्रम से समझते हैं। अपनी बात को कारण सहित बताने का उन्हे अवसर मिलता है।


संजय कुमार देवांगन शास.क.प्रा.शाला अमोदा जिला - जाँजगीर का अनुभव


इस गतिविधि को कराने के लिए मैंने एक दिन पहले ही सारी सामग्री एकत्रित कर सहायक शिक्षण सामग्री तैयार की। मेरी आशा के अनुरूप इस आकर्षक गतिविधि से बच्चे बहुत प्रभावित हुए। आज वह बच्चा भी कक्षा में उपस्थित था जो कि पूरे सत्र भर अनुपस्थित था। ये देखकर मुझे बहुत खुशी हुई। 

Visitor No. : 6703084
Site Developed and Hosted by Alok Shukla